Bihar Health Department:आधी रात अस्पताल में छापा, ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर, गोपालगंज सदर अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग का सख्त एक्शन

Bihar Health Department: गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल में आधी रात हुए औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया।....

आधी रात अस्पताल में छापा- फोटो : reporter

Bihar Health Department: गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल में आधी रात हुए औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर सिविल सर्जन ने देर रात अस्पताल पहुंचकर इमरजेंसी वार्ड, एसएनसीयू समेत कई महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

जानकारी के अनुसार, सिविल सर्जन ने निरीक्षण टीम के साथ अचानक अस्पताल पहुंचकर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी रोस्टर की जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर ड्यूटी से गायब मिले। मरीजों की तत्काल चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विभाग में चिकित्सक की अनुपस्थिति को अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना। वहीं, एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) में भी ड्यूटी व्यवस्था में गड़बड़ी सामने आई। जांच में पाया गया कि रोस्टर के अनुसार जिस डॉक्टर की ड्यूटी थी, उसकी जगह दूसरे चिकित्सक काम कर रहे थे।

अधिकारियों ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए संबंधित डॉक्टरों और जिम्मेदार कर्मियों से जवाब-तलब किया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी के दौरान लापरवाही, मनमानी या मरीजों की सेवा में कोताही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले की समीक्षा की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों और कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

बता दें  कि सदर अस्पताल जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल होता है, जहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इमरजेंसी और नवजात शिशु देखभाल जैसे संवेदनशील विभागों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को प्रशासन ने गंभीर मामला माना है।

इस औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा