Bihar News : कर्नाटक में गोपालगंज के प्रवासी मजदूर की बदमाशों ने की जमकर पिटाई, बिहार लाते समय रास्ते में तोड़ा दम

Bihar News : कर्नाटक में मजदूरी करने गए एक बिहारी मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इलाज के लिए एंबुलेंस से बिहार लाए जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.....पढ़िए आगे

बिहारी मजदुर की हत्या - फोटो : NAMO NARAYAN

Gopalganj : कर्नाटक के अनंतपुरमु में गोपालगंज के एक मजदूर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के लिए बिहार लाए जाने के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के तिवारी मटिहनिया गांव निवासी 35 वर्षीय चांद मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि चांद मोहम्मद वेल्डिंग मिस्त्री का काम करता था और करीब तीन वर्षों से पुणे में रहकर मजदूरी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, ठेकेदार के माध्यम से वह कर्नाटक के अनंतपुरमु स्थित येर्रागुंटा गेट इलाके में वेल्डिंग का काम करने गया था। परिजनों का आरोप है कि 8 सितंबर की रात स्थानीय लोगों से किसी बात को लेकर चांद मोहम्मद का विवाद हो गया। 

आरोप है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट में चांद मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गया और अचेत अवस्था में पहुंच गया। अगले दिन पुलिस ने उसे अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से बल्लारी स्थित वीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कर्नाटक पहुंचे। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे इलाज के लिए बिहार लेकर आ रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना को लेकर परिजनों की ओर से आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। परिजनों के अनुसार, कर्नाटक पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

नमो नारायण की रिपोर्ट