Bihar News : रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो महिला और संचालक सहित 5 को किया गिरफ्तार
Bihar News : गोपालगंज में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट के पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. जहाँ पुलिस दो महिलाओं सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया है। एक प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट की आड़ में लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। बुधवार को सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो महिलाओं सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई से इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में खाने-पीने की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 ने विशेष टीम का गठन किया और अचानक रेस्टोरेंट पर धावा बोल दिया। पुलिस जब अंदर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। रेस्टोरेंट के भीतर बने केबिनों में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
आपत्तिजनक सामान बरामद, हिरासत में संदिग्ध
पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से कई आपत्तिजनक सामान और दस्तावेज भी बरामद किए हैं, जो इस अवैध कारोबार की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने मौके से कुछ पुरुषों और महिलाओं को संदिग्ध और आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। हिरासत में लिए गए लोगों को तुरंत थाने लाया गया, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह कारोबार काफी समय से स्थानीय प्रशासन की नजरों से बचकर चलाया जा रहा था।
एसडीपीओ ने की घटना की पुष्टि
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में सेक्स रैकेट चलाए जाने की पुख्ता जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा, "पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जिसमें संदेहास्पद स्थिति में महिला और पुरुषों को पकड़ा गया है।" पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अनैतिक कार्यों को बढ़ावा देने वाले किसी भी स्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
संचालक समेत तीन को जेल भेजने की तैयारी
इस मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को मुख्य आरोपी बनाते हुए कुल तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अन्य हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक माहौल खराब हो रहा था।
नमो नारायण की रिपोर्ट