Bihar News : गोपालगंज में माइक्रो फाइनेंस कर्मी से छिनतई का पुलिस ने किया खुलासा, सिवान से 3 लुटेरे गिरफ्तार, 22 हजार से अधिक कैश बरामद
Bihar News : गोपालगंज माइक्रो फाइनेंस कर्मी से 26 हजार 250 रुपये की छिनतई मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने सिवान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : जिले में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई 26 हजार 250 रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोपालगंज एसपी के कड़े निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ राजकुमार शाह के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए पड़ोसी जिले सिवान से तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर इस पूरे मामले का भंडाफोड़ किया।
गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में दो घटना को अंजाम देने वाले मुख्य लुटेरे हैं, जबकि एक लाइनर की भूमिका में था जिसने फाइनेंस कर्मी की रेकी की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छिनतई की गई रकम में से 22 हजार 800 रुपये बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि लूट की रकम में से 2,450 रुपये उन्होंने खर्च कर दिए थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से चार मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि जब्त मोबाइल फोन की गैलरी खंगालने पर पुलिस को कई तरह के अवैध हथियारों की तस्वीरें मिली हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह गिरोह किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसे लेकर पुलिस अब बेहद मुस्तैदी से आगे की जांच कर रही है।
पूरी घटना 15 सितंबर 2026 की है, जब माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी क्षेत्र से समूह लोन की वसूली करने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी देवरिया के समीप दो बाइकों पर सवार नकाबपोश अपराधियों ने उसे जबरन रोक लिया और हथियार का भय दिखाकर 26 हजार 250 रुपये छीनकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस की जांच में इस कांड में शामिल दो अन्य आरोपियों की भी पहचान हो चुकी है, जो फिलहाल पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरा गिरोह सलाखों के पीछे होगा।
नमो नारायण की रिपोर्ट