सड़क हादसे की सूचना पाकर मौके पर जा रही पुलिस की गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त, चार जवान घायल

गोपालगंज जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर मौके के लिए रवाना हुई पुलिस की गाड़ी खुद हादसे का शिकार हो गई। घटना में चार पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हुए है.....

गोपालगंज में पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj :  जिले से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर मौके के लिए रवाना हुई पुलिस की गाड़ी खुद हादसे का शिकार हो गई। यह घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिसई गांव के समीप घटी। इस हादसे में वाहन पर सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


नीलगाय को बचाने में अनियंत्रित हुई गाड़ी

जानकारी के मुताबिक, बैकुंठपुर थाने की पुलिस टीम सरकारी वाहन से एक दुर्घटना स्थल की ओर जा रही थी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी सिसई गांव के पास पहुंची, अचानक सड़क पर एक नीलगाय आ गई। तेज रफ्तार वाहन के चालक ने नीलगाय को बचाने का प्रयास किया, जिसके कारण गाड़ी असंतुलित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।


टक्कर के बाद मचा हड़कंप, गाड़ी क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे घायल जवानों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए।


सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

सभी घायल पुलिसकर्मियों को आनन-फानन में इलाज के लिए गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम घायल जवानों की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के मुताबिक, सभी घायल पुलिसकर्मियों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं दी जा रही हैं और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।


कारणों की जांच में जुटा पुलिस विभाग

इस अचानक हुए हादसे के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी घटना के विस्तृत कारणों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाने में लगे हैं। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर दुर्घटना की मुख्य वजह अचानक सामने आई नीलगाय को ही माना जा रहा है, जिसे बचाने के फेर में यह खौफनाक हादसा हुआ।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट