Bihar News: दो बूंद जिंदगी की से सुरक्षित होगा बचपन... गोपालगंज में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 4.74 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
Gopalganj: पोलियो जैसी गंभीर और आजीवन विकलांगता देने वाली बीमारी के खिलाफ गोपालगंज में एक बार फिर जनस्वास्थ्य की सबसे बड़ी मुहिम शुरू हो गई है।...
Gopalganj: पोलियो जैसी गंभीर और आजीवन विकलांगता देने वाली बीमारी के खिलाफ गोपालगंज में एक बार फिर जनस्वास्थ्य की सबसे बड़ी मुहिम शुरू हो गई है। जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। मॉडल सदर अस्पताल में जिलाधिकारी समीर सौरभ ने फीता काटकर अभियान का उद्घाटन किया और नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में जिले के शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
मॉडल सदर अस्पताल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के बाद कहा कि पोलियो के खिलाफ लड़ाई तभी जीती जा सकती है, जब कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग की टीम जब उनके घर पहुंचे तो वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को अवश्य पोलियो की दवा पिलाएं।
इस विशेष अभियान के तहत जिले में 4 लाख 74 हजार 531 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारी की है। पूरे जिले में 1134 टीकाकरण दल और 356 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। ये टीमें पांच दिनों तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, ताकि एक भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से छूट न जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने उन बच्चों के लिए भी विशेष रणनीति बनाई है जो किसी कारणवश पहले दौर में छूट सकते हैं। ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाने के लिए अलग से विशेष टीमों का गठन किया गया है। विभाग का लक्ष्य है कि जिले के हर पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा हर हाल में पहुंचे।
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि "दो बूंद जिंदगी की" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक देना है। इसलिए सभी अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रशासन को उम्मीद है कि जनसहयोग और स्वास्थ्य विभाग की मेहनत से इस बार भी शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा और गोपालगंज को पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प और मजबूत होगा।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा