Bihar Road Accident: सुबह सुबह भीषण सड़क हादसा, गश्ती पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 जवान घायल

Bihar Road Accident: एक बेकाबू ट्रक ने गश्ती पर निकली पुलिस टीम को निशाना बना दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।...

ड्यूटी पर थे पुलिसकर्मी, तभी हुआ हादसा- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: सुबह-सुबह सड़क पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ के पास एक बेकाबू ट्रक ने गश्ती पर निकली पुलिस टीम को निशाना बना दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस की टीम एनएच-27 पर रात्रि गश्ती कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप मौके पर ही पलट गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस खौफनाक हादसे में तीन पुलिसकर्मी तारकेश्वर सिंह, मोहम्मद फारूक और सत्येंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस हादसे ने लोगों के दिलों में खौफ जरूर पैदा कर दिया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा