Bihar News : मणिपुर से कमाकर लौट रहे मजदूर का संदिग्ध शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : गोपालगंज में मणिपुर से कमाकर अपने घर लौट रहे एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे से बरामद किया गया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे

मजदूर का शव बरामद - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : जिले में जहां मणिपुर से कमाकर घर लौट रहे मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना ढाला के पास का है। यहां सड़क और रेलवे लाइन के बीच एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी प्रेमसागर राजभर के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, प्रेमसागर राजभर मणिपुर में रहकर मछली बेचने का काम करता था और कमाई कर घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि वह शाम के समय जिगना इलाके में बस से उतरा था, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अगली सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। 

परिजनों का कहना है कि प्रेमसागर की मौत सामान्य नहीं लग रही और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है।

हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र के नरेनिया बाईपास के समीप एक युवक का शव बरामद किया गया है. मृतक की पहचान कर ली गई है, उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है. मृतक मणिपुर से घर लौट रहा था, उसके पर्स से कागजात व नगदी बरामद किया गया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर काम हो रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया के साथ जाएगा।” अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।

नमो नारायण की रिपोर्ट