Bihar News : गोपालगंज में उत्पाद विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, नाव और गाड़ी से लाखों रूपये की शराब किया बरामद, एक तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : गोपालगंज में उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब की खेप जब्त की है.....पढ़िए आगे

लाखों की शराब बरामद - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : बिहार के गोपालगंज जिले में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए हथकंडों के जरिए अवैध शराब की आपूर्ति करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब की खेप जब्त की है।

इस विशेष अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 574 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक नाव और एक चारपहिया वाहन को मौके से जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक शराब तस्कर को भी धर दबोचा, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक अमृतेश झा ने बताया कि समाहर्ता के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मिली सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी कर यह बड़ी सफलता हासिल की गई है।

फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार तस्कर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे जिले में किन-किन ठिकानों पर पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नमो नारायण की रिपोर्ट