Bihar Road Accident : गोपालगंज में दिल दहला देने वाला हादसा, स्कूल वैन ने मासूम को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, हालत गंभीर, मौके से फरार हुआ चालक
Bihar Road Accident : गोपालगंज में एक निजी स्कूल की वैन ने 11 वर्षीय मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया और कथित तौर पर उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई.....पढ़िए आगे
GOPALGANJ : गोपालगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक निजी स्कूल की वैन की चपेट में आने के बाद 11 वर्षीय मासूम बच्चे को कथित तौर पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मेरिडियन पब्लिक स्कूल की वैन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पूरे मामले की जांच जारी है। घटना नगर थाना क्षेत्र के जादोपुर मोड़ के पास की है। घायल बच्चे की पहचान वार्ड संख्या-4 निवासी विजय गुप्ता के 11 वर्षीय पुत्र ईसान कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ईसान सड़क पार कर सामान लेने जा रहा था, तभी मेरिडियन पब्लिक स्कूल की वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बच्चा मेरिडियन पब्लिक स्कूल के वैन में फंस गया और वाहन उसे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हजियापुर तक घसीटते हुए ले गया। स्थानीय लोगों ने पीछा कर किसी तरह वैन को रुकवाया और बच्चे को बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना इंस्पेक्टर प्रवीण प्रभाकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूल वैन को जब्त कर लिया है और अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चे का हालचाल भी जाना। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।
वहीं, इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने लापरवाह चालक के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गोपालगंज में स्कूल वैन से हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
नमो नारायण की रिपोर्ट