Bihar toll tax:गोपालगंज- बेतिया मार्ग पर सफर हो सकता है महंगा, पुल पर टोल टैक्स लगाने की तैयारी, लोगों की जेब होगी ढीली

Bihar toll tax: गोपालगंज–बेतिया मार्ग स्थित पुल को भी टोल व्यवस्था के दायरे में लाने की तैयारी की जा रही है।...

गोपालगंज- बेतिया मार्ग पर सफर हो सकता है महंगा- फोटो : reporter

Bihar toll tax: गोपालगंज- बेतिया मार्ग से सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। बिहार सरकार राज्य के प्रमुख राज्य राजमार्गों और चयनित पुलों पर टोल व्यवस्था लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज–बेतिया मार्ग स्थित पुल को भी टोल व्यवस्था के दायरे में लाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि फिलहाल इस प्रस्ताव पर अंतिम सरकारी मंजूरी मिलना बाकी है।

प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद इस पुल से गुजरने वाले निजी वाहन, व्यावसायिक वाहन, बसें और मालवाहक ट्रकों सहित सभी श्रेणी के वाहनों से निर्धारित दरों के अनुसार टोल टैक्स वसूला जाएगा। इसके लिए पुल के समीप आधुनिक टोल प्लाजा का निर्माण किया जाएगा, जहां इलेक्ट्रॉनिक और अन्य माध्यमों से टोल वसूली की व्यवस्था की जाएगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के पुलों और सड़कों का रखरखाव, मरम्मत और बेहतर यातायात सुविधाओं के लिए स्थायी वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि नियमित टोल संग्रह से सड़क अवसंरचना को बेहतर बनाने और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा भी तेज हो गई है। यदि टोल व्यवस्था लागू होती है तो इस मार्ग पर रोजाना आने-जाने वाले लोगों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों के परिचालन खर्च में बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आम यात्रियों की निगाहें सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।

फिलहाल सरकार की ओर से न तो अंतिम अधिसूचना जारी की गई है और न ही टोल टैक्स की दरों का आधिकारिक ऐलान किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद टोल प्लाजा निर्माण, वसूली व्यवस्था, शुल्क दरें और लागू होने की तिथि सहित सभी नियमों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगीअब यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार कब इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी देती है। मंजूरी मिलते ही गोपालगंज–बेतिया मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए नई टोल व्यवस्था लागू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा