Bihar News : सवारी बैठाने के विवाद में आपस में भिड़े टोटो चालक, एक ने दुसरे पर चाकू से किया हमला, अस्पताल में चल रहा है इलाज
Bihar News : सवारी बैठने के विवाद को लेकर दो टोटो चालक आपस में भिड गए. जहाँ एक चालक ने दुसरे पर चाकू से हमला कर दिया......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : गोपालगंज में सवारी बैठाने को लेकर टोटो चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान एक चालक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले हथुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के पावर हाउस के समीप का है, जहां सवारी बैठाने को लेकर दो टोटो चालकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक चालक ने चाकू निकाल लिया और दूसरे चालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में एक टोटो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल को उठाकर इलाज के लिए हथुआ अस्पताल पहुंचाया। हथुआ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जख्मी चालक ने बताया की “थोड़ा सा विवाद हुआ था… दूसरा चालक हमेशा लोगों को धमकाकर सवारी बैठा लेता था। हम लोग उसे समझाने गए थे कि ऐसा मत करें। तभी उसने अचानक चाकू निकालकर मुझ पर हमला कर दिया। हम दोनों ही ई-रिक्शा चालक हैं। बस इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।”
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। सवारी बैठाने को लेकर हुआ यह विवाद अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नमो नारायण की रिपोर्ट