मोकामा विधायक अनंत सिंह की बढ़ी मुसीबत , वायरल हथियार कांड में एक्शन तेज, हथियार की होगी बैलेस्टिक जांच

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बढ़ी मुसीबत , वायरल हथियार कांड में एक्शन तेज, अनंत सिंह मामले में होगी बैलेस्टिक जांच

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बढ़ी मुसीबत- फोटो : Reporter

Anant singh:  बिहार की सियासत से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर गोपालगंज से है, जहां मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर दर्ज मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हथियारों की अब एफएसएल और बैलेस्टिक जांच कराई जाएगी। पुलिस का दावा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गोपालगंज में वायरल हथियार प्रदर्शन मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ मीरगंज थाने में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है।

 दरअसल, बीते 2 और 3 मई को सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हुए थे, जिनमें समर्थकों के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे थे। पुलिस को आशंका है कि वीडियो में दिख रहे कुछ हथियार प्रतिबंधित श्रेणी के हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने वायरल वीडियो को एफएसएल जांच के लिए भेजने का फैसला लिया है। साथ ही हथियारों की बैलेस्टिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार असली हैं या नहीं और उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और बैलेस्टिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर नजर बनाए हुए है। गोपालगंज में वायरल वीडियो को लेकर बढ़ी सियासी और कानूनी हलचल के बीच अब सबकी नजर एफएसएल और बैलेस्टिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

रिपोर्ट.- नमो नारायण मिश्रा