Bihar News : गोपालगंज में देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पंचायत के फैसले के बाद मंदिर में हुई शादी

Bihar News : गोपालगंज में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. जिसके बाद पंचायत बुलाकर दोनों की शादी करा दी गयी......पढ़िए आगे

प्रेमी प्रेमिका की शादी - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : बिहार के गोपालगंज जिले में प्रेम-प्रसंग का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है, जो इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पंशाला बंगरा गांव का है। मंगलवार की देर रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई और ग्रामीणों ने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया।

पकड़ा गया युवक हेमू छपरा गांव का रहने वाला रूपेश कुमार बताया जाता है। जानकारी के अनुसार, रूपेश कृतपुरा बाजार के समीप एनएच-227 राम-जानकी पथ के पास अपनी एक बाइक गैरेज चलाता है। इसी दुकान पर आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात बंगरा गांव निवासी अमृता कुमारी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और यह मुलाकात प्यार में बदल गई। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था।

देर रात युवक के पकड़े जाने के बाद बुधवार की सुबह गांव में एक पंचायत बुलाई गई। इस पंचायत में युवक और युवती दोनों पक्षों के परिजनों के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। पंचायत में सरपंच पति शंभू शर्मा, उपमुखिया पति गुड्डू सिंह और वार्ड सदस्य संजय शाह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से मामले को सुलझाने का प्रयास किया।

पंचायत के दौरान जब युवक और युवती से उनकी इच्छा पूछी गई, तो दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की रजामंदी व्यक्त की। दोनों पक्षों के अभिभावकों ने भी इस रिश्ते पर अपनी सहमति दे दी। परिजनों और ग्रामीणों की सर्वसम्मति के बाद पंचायत ने फैसला सुनाया कि दोनों का विवाह करा दिया जाए, जिससे मामले को सामाजिक मान्यता मिल सके। पंचायत के फैसले के तुरंत बाद दोनों को गांव के पास स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर ले जाया गया। वहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान से दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी के बाद नवदंपति को परिजनों का आशीर्वाद मिला। फिलहाल, यह शादी और पंचायत का अनोखा फैसला पूरे प्रखंड में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।

नमो नारायण की रिपोर्ट