Bihar News : जमुई में नवजात के शव को मुंह में दबाकर ले जाता दिखा कुत्ता, स्थानीय नर्सिंग होम पर जताया आक्रोश

Bihar News : जमुई में मानवता को शर्मसार करनेवाली घटना सामने आई है. जहाँ नवजात के शव को कुत्ता ले जा रहा था. राहगीरों ने उसे किसी तरह मुक्त कराया........पढ़िए आगे

मानवता शर्मसार - फोटो : SOCIAL MEDIA

JAMUI : रविवार को सिकंदरा क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। करमा–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर कोढ़नी नदी के पुलिया के पास एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु के शव को मुंह में दबाकर ले जाता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए।

दोपहर करीब 3 बजे बाइक से गुजर रहे एक युवक की नजर जब कुत्ते पर पड़ी, तो उसने तुरंत गाड़ी रोककर कुत्ते को खदेड़ा। युवक के हस्तक्षेप के बाद कुत्ता शव को छोड़कर भाग गया। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तुरंत स्थानीय थाना व नगर पंचायत को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगर पंचायत के सफाई सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे और मानवता के नाते नवजात के शव को नदी किनारे ही दफन कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में भारी आक्रोश है और यह सवाल उठ रहा है कि आखिर कोई अपने नवजात को इस तरह लावारिस कैसे छोड़ सकता है।

स्थानीय नर्सिंग होम और अस्पतालों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने मामले की गहन जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालाँकि यह घटना समाज की संवेदनहीनता पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जहां नवजात को इस तरह छोड़ दिया जाता है?

सुमित की रिपोर्ट