Bihar News : 'समृद्धि यात्रा' के तहत 18 मार्च को लछुआड़ पहुँचेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कमिश्नर और डीआईजी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
JAMUI : बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के तहत 18 मार्च को लछुआड़ आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त Prem Singh Meena एवं मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआईजी Rakesh Kumar ने लछुआड़ स्थित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग स्थल, यातायात नियंत्रण तथा आम लोगों के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, शौचालय तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त रखने का भी निर्देश दिया गया। डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। वहीं आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देने की बात कही। मुख्यमंत्री के लछुआड़ आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि समृद्धि यात्रा के दौरान कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बता दें की जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले लछुआड़ स्थित भगवान महावीर की जन्मस्थली एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के दौरान 18 मार्च को लछुआड़ पहुंचेंगे । मुख्यमंत्री का इस पावन स्थल पर यह चौथा दौरा होगा।भगवान महावीर की लगभग 2600 वर्ष पुरानी जन्मस्थली से जुड़ी कई विकास योजनाएं लंबे समय से चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे से अधूरी पड़ी परियोजनाओं के पूरा होने की उम्मीद फिर से जगी है।साथ ही करोडो के लागत से बने कुण्ड घाट जलाशय योजना का करेंगे उद्घाटन
बता दें की मुख्यमंत्री पहली बार 31 दिसंबर 2015 को इस पावन धरती पर पहुंचे थे और यहां के विकास का भरोसा दिया था। इसके बाद 17 जनवरी 2017 को उन्होंने दूसरी बार तथा 12 दिसंबर 2020 को भगवान महावीर की प्रतिष्ठा पूजन के अवसर पर तीसरी बार लछुआड़ और जन्मस्थली का दौरा किया था। अब समृद्धि यात्रा के क्रम में 18 मार्च को उनका चौथा कार्यक्रम लछुआड़ में प्रस्तावित है।
सिकंदरा जमुई से प्रवीण दुबे की रिपोर्ट