Bihar News : जमुई के चार प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का कल से होगा शुभारम्भ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन

Bihar News : जमुई जिले के चार प्रमुख प्रखंडों—लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा और इस्लामनगर अलीगंज—के नव स्थापित डिग्री कॉलेजों में भी पठन-पाठन का कार्य औपचारिक रूप से कल से शुरू हो जाएगा।

कॉलेज का उद्घाटन कल - फोटो : SOCIAL MEDIA

JAMUI : जिले के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने हेतु कल का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होने जा रहा है। कल यानि 15 जुलाई 2026 को भागलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वर्चुअल (ऑनलाइन) माध्यम से राज्य के नव स्थापित 211 प्रखंडों के डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। 

इस महाभियान के अंतर्गत जमुई जिले के चार प्रखंडों लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा एवं इस्लामनगर अलीगंज के नव स्थापित डिग्री महाविद्यालयों में भी पठन-पाठन का कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। यह दूरगामी पहल सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा सुलभ कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। 

जिला प्रशासन द्वारा चारों चिन्हित महाविद्यालयों में गरिमामयी समारोह के आयोजन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संबोधन के सजीव प्रसारण हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी एवं बुनियादी तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली गई हैं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद , विधायक जमुई विधान सभा-सह-खेल एवं उद्योग मंत्री, बिहार सरकार, विधायक झाझा विधान सभा -सह-परिवहन मंत्री, बिहार सरकार, विधायक (सिकंदरा), विधायक (चकाई विधान सभा), प्रभारी सचिव, जिला 20 सूत्री समिति के समस्त सम्मानित सदस्यों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को समारोह में गरिमामयी उपस्थिति हेतु सादर आमंत्रित किया गया है।

सुमित की रिपोर्ट