जमुई में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: प्रेमिका के सामने युवक ने कनपटी पर मारी गोली, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत

जमुई जिले से एक खौफनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने खुद को गोली मारकर जान दे दी है। घटना के बाद परिवार मे कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है......

मृतक की फाइल फोटो- फोटो : सुमित कुमार

Jamuai : जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जमुई शहर के वार्ड नंबर 12 में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने ही अपनी कनपटी पर पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।


कमरे में बंद था प्रेमी युगल, अचानक चली गोली की आवाज से सहमे परिजन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। मृतक युवक की पहचान भानु सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भानु सिंह अपनी प्रेमिका के साथ एक कमरे के भीतर मौजूद था। तभी अचानक कमरे के अंदर से गोली चलने की एक तेज आवाज गूंजी। आवाज सुनकर जब तक परिजन और आसपास के लोग दौड़कर कमरे तक पहुंचे, तब तक भानु खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर चुका था।


सदर अस्पताल से पटना रेफर के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल भानु सिंह को उठाकर जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे लेकर पटना के लिए निकले ही थे कि रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया।


टाउन थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) टीम कर रही है मामले की छानबीन

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। टाउन थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग के इस मामले में हर संभावित पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।


सुमित की रिपोर्ट