Bihar Crime: 15 फीट तक घसीटती रही कोचिंग जा रही मुस्कान, मौत के बाद थाने पर लोगों ने किया हमला, पुलिस ने ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में भयंकर तनाव

Bihar Crime: छात्रा ट्रक के पहिए में फंस गई और करीब 15 फीट तक घिसटती चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा..

थाने पर लोगों ने किया हमला- फोटो : social Media

Bihar Crime: जमुई जिले के खैरा बाजार में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम और गुस्से में डुबो दिया। कोचिंग पढ़ने जा रही 10वीं की छात्रा मुस्कान कुमारी की तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि छात्रा ट्रक के पहिए में फंस गई और करीब 15 फीट तक घिसटती चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह गुरुवार सुबह करीब सात बजे साइकिल से कोचिंग पढ़ने खैरा बाजार जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मुस्कान सड़क पर गिरने के बाद ट्रक के पिछले पहिए में फंस गई। चालक वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। जब तक हाइवा रुका, तब तक छात्रा की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। घटनास्थल का मंजर देखकर लोगों की रूह कांप उठी। छात्रा का शव ट्रक के पिछले पहिए के नीचे दबा हुआ था और कमर के ऊपर से पहिया गुजर चुका था।

हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया तो वह जान बचाने के लिए एक घर में छिप गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने हाइवा पर हमला बोल दिया और उसके शीशे तोड़कर जमकर तोड़फोड़ की।मुस्कान की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने बांस-बल्ला लगाकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात उस समय और बिगड़ गए जब गुस्साई भीड़ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

सूत्रों के अनुसार, भीड़ के एक हिस्से ने थाने पर भी हमला कर दिया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। बताया जा रहा है कि हालात काबू में करने के लिए पुलिस की ओर से करीब 12 राउंड फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना के बाद पूरे खैरा बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारियों द्वारा लगातार लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू लदे हाइवा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लंबे समय से इलाके में हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर बालू परिवहन में लगे वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं मुस्कान की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है। नई सुबह के साथ पढ़ाई के सपने लेकर निकली छात्रा की जिंदगी सड़क पर ही खत्म हो गई, जिससे हर किसी की आंखें नम हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट