Jamui Crime News: जमुई में बेखौफ अपराधियों का तांडव,55 वर्षीय अजय पंडित की बम मारकर हत्या
जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत लछुआर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में बेखौफ अपराधियों ने 55 वर्षीय अजय पंडित पर पीछे से बम से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत
बिहार के जमुई जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ लछुआर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बेखौफ घटना को अंजाम दिया है। सिकंदरा प्रखंड के हरिहरपुर गांव में बमबाजी की इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा। अज्ञात अपराधियों द्वारा किए गए इस हमले में एक अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।
मृतक की पहचान हरिहरपुर गांव निवासी 55 वर्षीय अजय पंडित के रूप में हुई है, जो सरयुग पंडित के पुत्र थे। घटना के समय वे गांव के ही मांझी टोला इलाके से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। अपराधियों ने अजय पंडित को निशाना बनाते हुए पीछे से जोरदार बम फेंका।अचानक हुए इस शक्तिशाली बम विस्फोट में अजय पंडित गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। धमाके की तेज आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पास-पड़ोस के लोग और परिजन तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, जहाँ अजय पंडित जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे।
परिजन और स्थानीय लोग बिना कोई वक्त गंवाए घायल अजय पंडित को इलाज के लिए जमुई शहर ले गए। हालांकि, स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण वे रास्ते में ही जिंदगी की जंग हार चुके थे। शहर के एक निजी क्लीनिक में पहुंचते ही चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थाना अध्यक्ष रूपेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का गहन मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। गांव में सुरक्षा के लिहाज से गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से घटना के बाबत पूछताछ शुरू कर दी है।
लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हरिहरपुर गांव में बम से हमले की जानकारी मिली थी। घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए जमुई भेजा गया था, लेकिन निजी क्लिनिक पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस अब घटना के पीछे के कारणों और संदिग्धों का पता लगाने में जुटी हुई है।चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन अजय पंडित के शव को वापस हरिहरपुर गांव लेकर आए। जैसे ही अजय पंडित की मौत की खबर गांव में फैली, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है कि वारदात आपसी रंजिश में हुई या इसके पीछे कोई पुरानी दुश्मनी थी। पुलिस हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट