जमुई में सरकारी शिक्षक की पिटाई: स्कूल में घुसकर दबंगों ने लाठी-पत्थरों से पीटा, थाने में नहीं दर्ज हुई FIR, वीडियो वायरल

झाझा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताराकुरा में छात्रा को फुटबॉल ले जाने से रोकने पर परिजनों और ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया। प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार को लाठी-पत्थरों से पीटा गया, मोबाइल छीना और सरकारी कागजात फाड़ दिए गए।

बिहार के जमुई जिले में एक सरकारी शिक्षक के साथ दबंगई और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना झाझा प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, ताराकुरा की है। स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक कर्मशील कुमार के अनुसार, बीते 10 अगस्त को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के समय एक छात्रा कार्यालय से फुटबॉल ले जा रही थी। जब शिक्षक ने उसे ऐसा करने से रोका, तो छात्रा के परिजन और अन्य ग्रामीण आक्रोशित होकर स्कूल में घुस आए। उन्होंने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।


मोबाइल छीना, स्कूल के सरकारी कागजात फाड़े

आरोपियों का तांडव सिर्फ मारपीट तक ही सीमित नहीं रहा। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि हमलावरों ने उनके साथ हाथापाई करते हुए उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके साथ ही दबंगों ने विद्यालय कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों और रजिस्टरों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों की दबंगई और स्कूल परिसर में मचे गदर का नजारा साफ देखा जा सकता है।


थाने में डेढ़ घंटे बैठाने का आरोप, एफआईआर दर्ज करने से इनकार

घटना के बाद पीड़ित शिक्षक न्याय की गुहार लगाने स्थानीय थाने पहुंचे, लेकिन वहां पुलिस के ढुलमुल रवैये से उन्हें गहरा झटका लगा। शिक्षक का गंभीर आरोप है कि थाने में उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक बैठाकर रखा गया और बिना कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज किए वापस लौटा दिया गया। थाने से निराश होने के बाद पीड़ित शिक्षक ने मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को दी और थाने की आधिकारिक ईमेल आईडी पर अपना लिखित आवेदन भेजा।

पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का बयान

मामला तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल शुरू हो गई है। प्रभारी एसडीपीओ विकास केशव ने बताया कि घटना की जानकारी ली जा रही है और ईमेल पर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, जब इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) से बात की गई तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो और आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट