Jamui News: 12 घंटे से लापता 8 वर्षीय मासूम का मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका!

जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के नीमारंग मोहल्ले से 12 घंटे से लापता 8 साल की बच्ची का शव नवनिर्मित मकान से बरामद। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया, वहीं स्थानीय लोगों ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई है। मौके पर पहुंचे एसपी, FSL टीम

जमुई में 8 साल की बच्ची का मिला शव, हत्या और दुष्कर्म की आशंका!- फोटो : Reporter

जमुई के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमारंग मोहल्ला स्थित एक मदरसे के समीप नवनिर्मित मकान के ग्राउंड फ्लोर से शनिवार सुबह 8 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नीमारंग निवासी मोहम्मद इकबाल की पुत्री शाहिना परवीन के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। बच्ची शुक्रवार शाम करीब 7 बजे घर के पास खेलने निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई थी।


पुलिस पर लापरवाही का आरोप, सुबह मिली दुखद खबर

मृतका के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार रात सूचना देने पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान नहीं लिया और सुबह थाने आकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने को कहा। शनिवार सुबह परिजन थाने जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि भवन निर्माण ठेकेदार मोहम्मद जुबेराइल के मजदूर ने खाली पड़े ग्राउंड में शव देखा। ठेकेदार की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां बच्ची का शव बरामद हुआ।


घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, एफएसएल और सीसीटीवी से जांच शुरू

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले का खुलासा करने के लिए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।


दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, परिजनों में पसरा मातम

स्थानीय निवासियों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने फिलहाल इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि FSL रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस दुखद घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे नीमारंग मोहल्ले में भारी आक्रोश व शोक का माहौल व्याप्त है।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट