जमुई पुलिस की बड़ी कामयाबी: पुलिस पर हमला करने वाला कुख्यात बालू माफिया मंटू यादव हथियार के साथ दबोचा गया

जमुई की टाउन थाना पुलिस ने मुख्यालय के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बालू तस्कर मंटू यादव को एक देसी राइफल, पिस्टल और 10 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस पर हमला और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।

कुख्यात बालू माफ़िया मंटू यादव गिरफ्तार, घर से राइफल, पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद- फोटो : Reporter

बिहार के जमुई जिला पुलिस को अपराधियों और अवैध सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त विशेष निर्देशों के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने बीती देर रात एक रणनीतिक छापेमारी की। इस दौरान इलाके के कुख्यात बालू तस्कर मंटू यादव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं और अपराधियों में हड़कंप मच गया है।


भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद

जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस कामयाबी की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि टाउन थाना पुलिस ने जब आरोपी मंटू यादव के ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से एक देसी राइफल, एक देसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


पुलिस पर हमला और हत्या के प्रयास का पुराना इतिहास

गिरफ्तार मंटू यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहा था। एसपी के मुताबिक, मंटू यादव पर पहले से भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिसमें पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। इन्हीं मामलों के संदर्भ में माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट भी निर्गत किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।


बालू माफियाओं पर कड़ा प्रहार, भेजा गया जेल

आमतौर पर जमुई पुलिस द्वारा बालू तस्करों और अवैध खनन करने वालों पर लगातार कानूनी डंडा चलाया जाता रहा है, लेकिन इस बार एक कुख्यात और हथियारों से लैस तस्कर की गिरफ्तारी से पुलिस टीम का मनोबल सातवें आसमान पर है। पुलिस प्रशासन इसे अपनी एक बेहद अहम और बड़ी कामयाबी मान रहा है। टाउन थाना पुलिस ने कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्त मंटू यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

रिपोर्ट - सुमित सिंह