Jamui firing: जमुई में फायरिंग से सनसनी! किशोर पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बची जान
Jamui firing: जमुई में किशोर पर फायरिंग की गई। हालांकि, इस घटना में किशोर की जान बाल-बाल बच गई। इस घटना के पीछे की मुख्य वजह जमीन विवाद को माना जा रहा है।
Jamui firing: जमुई शहर के टाउन थाना क्षेत्र अंतरगत महिसौड़ी चौक इलाके में गुरुवार की शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बेखौफ अपराधियों ने एक किशोर पर गोली चला दी। घटना रिलायंस मॉल और बी-मार्ट के बीच करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। हालांकि गोली युवक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया।
चश्मदीदों के अनुसार, तीन की संख्या में आए अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
डायल 112 की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की तीन गाड़ियां और टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा, एक मिस फायर गोली और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके बाद पीड़ित युवक को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया। पीड़ित की पहचान महिसौड़ी चौक निवासी गोपी सिंह के 15 वर्षीय पुत्र अंबर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनका अपने ही गोतिया के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना के बाद आरोपी फरार
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद तीनों आरोपी बाइक से अतिथि पैलेस चौक की दिशा में फरार हो गए। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
जमुई सेसुमित की रिपोर्ट