मुंगेर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या! 10 लाख नकद और AC-TV की मांग, फंदे से लटका मिला शव
वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा में 25 वर्षीय तमन्ना परवीन का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। मायके वालों का आरोप है कि FZ बाइक देने के बावजूद ससुराल वाले 10 लाख रुपये नकद, एसी और टीवी के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
मुंगेर के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित चुरंबा में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय विवाहिता तमन्ना परवीन का शव उनके ही कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की भनक लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले तुरंत मौके पर पहुंचे और बेटी की मौत को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।
दहेज में 10 लाख नकद, एसी और टीवी की मांग
मृतका की बहन और मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही तमन्ना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वाले उससे 10 लाख रुपये नकद, एलसीडी टीवी और एसी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। परिजनों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, फिर भी बेटी का घर बसाने के लिए उन्होंने दहेज में FZ बाइक दी थी, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
दुबई में काम करता है पति, मायके में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि मृतका का पति मो. चांद वर्तमान में दुबई में रहकर काम करता है। तमन्ना की एक मासूम बेटी आयशा भी है। घटना के बाद से ही मायके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। मायके वालों का स्पष्ट आरोप है कि मांगें पूरी न होने के कारण तमन्ना की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और फिंगरप्रिंट एकत्र किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।
आरोपी ससुराल वाले फरार, कार्रवाई में जुटी पुलिस
घटना के बाद से ही नामजद आरोपी ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुगेर से मो. इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट