Bihar Road Accident: NH पर मौत का कहर, हाइवा ने मजदूर को कुचला, गुस्साई भीड़ ने किया सड़क जाम को घेरा

Bihar Road Accident: NH-333 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। ...

NH पर मौत का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: जमुई जिले में सोनो-झाझा मुख्य मार्ग NH-333 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बिठरा के पास मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय मजदूर दिनेश यादव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह रात में मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था, तभी सोनो की ओर से आ रहा गिट्टी लदा हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और दिनेश यादव को अपनी चपेट में ले लिया।हादसा इतना भयावह था कि दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सुबह होते ही NH-333 पर फूटा गुस्सा

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह करीब 6 बजे NH-333 को जाम कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। देखते ही देखते सोनो-झाझा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।जाम की सूचना मिलते ही झाझा डीएसपी राजेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार, सोनो बीडीओ, थानाध्यक्ष समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने और सड़क से जाम हटवाने की कोशिश शुरू की। सुबह करीब 9 बजे तक अधिकारी आक्रोशित लोगों को शांत कराने और यातायात बहाल कराने में जुटे रहे।

एक साल पहले भी इसी परिवार पर टूटा था कहर

इस हादसे ने परिवार के पुराने जख्म भी कुरेद दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले इसी परिवार की एक महिला की भी इसी सड़क पर भारी वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। परिवार की एक अन्य महिला भी उस हादसे में बुरी तरह घायल हुई थी।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले हादसे में मृतक परिवार को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है। इसी वजह से ताजा हादसे के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया। ग्रामीणों ने सड़क पर भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।

हाइवा जब्त, चालक फरार

झाझा डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, एक ही परिवार में लगातार सड़क हादसों से हुई मौत और मुआवजे के कथित लंबित मामले ने प्रशासन के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- सुमित सिंह