पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का जमुई में शुरू हुआ ठहराव, मंत्री श्रेयसी सिंह ट्रेन से पहुंची जमुई, सांसद अरुण भारती ने पूरा किया वादा

जमुई में ट्रेन संख्या 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव हावड़ा जाने के क्रम में सुबह 9.49 बजे और वापसी में रात्रि 8.06 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी

Patna-Howrah Vande Bharat Express - फोटो : news4nation

Patna-Howrah Vande Bharat Express : पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुक्रवार से जमुई स्टेशन पर शुरू हो गया. जमुई स्टेशन पर सुबह 10.15 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस आई और ट्रेन के रुकते ही लोगों में जोरदार उत्साह देखा गया. इस दौरान जमुई सांसद अरुण भारती और बिहार की खेल सह उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया. उद्घाटन के लिए स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर जोरदार तैयारियां की गई थी. जमुई के लिए यह दीर्घ प्रतीक्षित मांग के पूरा होने का अवसर रहा तो बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ ही भाजपा और लोजपा (रामविलास) के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. 


मात्र ढाई घंटे में पटना का सफर 

जमुई में ट्रेन संख्या 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव हावड़ा जाने के क्रम में सुबह 9.49 बजे होगा. जसीडीह, जामतारा, आसनसोल, दुर्गापुर होते हुए दोपहर 2.35 बजे हावड़ा पहुचेगी.  वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22347 हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस रात्रि 8.06 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी और लखीसराय, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब रुकते हुए रात्रि 10.40 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी. इस तरह करीब 5 घंटे में जमुई से हावड़ा का सफर पूरा होगा जबकि जमुई से पटना का सफर करीब 2.30 घंटे में होगा. 


वंदे भारत से श्रेयसी का सफर 

मंत्री श्रेयसी सिंह ने ईंधन बचत को लेकर केंद्र सरकार की अपील का समर्थन करते हुए पटना से वंदे भारत ट्रेन के जरिए जमुई तक का सफर किया. उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है और डबल इंजन की सरकार में बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. वंदे भारत के ठहराव को जमुई के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए श्रेयसी सिंह ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी.

चुनावी मांगी हुई पूरी 

सांसद अरुण भारती ने कहा कि चुनाव के समय से ही जिलेवासियों की मांग थी कि वंदे भारत का ठहराव जमुई में हो. उन्होंने कहा कि रेल मंत्री ने जमुई क्षेत्र की समस्याओं के चरणबद्ध समाधान का भरोसा दिया है. इस दिशा में कई अन्य प्रकार की योजनाएं जल्द ही क्रियान्वित होगी. 

जमुई में होगा विकास 

पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होने पर यात्रियों का कहना है कि अब उन्हें पटना और हावड़ा के लिए सफर के दौरान समय की बड़ी बचत होगी. जमुई में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और यात्रियों की सुविधा में इस ट्रेन के ठहराव होने से बढ़ोत्तरी होगी. वहीं प्रीमियम ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाओं का समावेश होने से यहां के यात्रियों को नई किस्म की सेवाओं को पाने का अब अवसर मिलेगा. इस ट्रेन के ठहराव से जहां आम लोगों को हावड़ा और पटना के सफर में ज्यादा सहूलियत मिलेगी वहीं व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोग भी तेजी से और आरामदायक सफर का आनंद ले सकेंगे. लोगों ने कहा कि पूरब दिशा में बिहार की शुरुआत ही जमुई जिले से होती है ऐसे में यह बिहार के लिए गौरव का विषय हो गया कि राज्य के पहले जिले में प्रीमियम ट्रेन रूकती है.