Bihar News : जमुई में निगरानी विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, थाना स्टाफ को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हाथ किया गिरफ्तार, थाना प्रभारी हुए फरार
Bihar News : जमुई में निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए झाझा थाना में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।
JAMUI : जमुई मे लगातार निगरानी विभाग की कार्रवाई के बावज़ूद भ्रष्टाचार नहीं थम रहा है। अब अवैध बालू उठाव और परिवहन से जुड़े रिश्वतखोरी नेटवर्क का खुलासा सामने आया है। ताज़ा मामले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझा थाना में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी के फरार होने की चर्चा से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, झाझा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार से जुड़े ट्रैक्टर चालकों और बालू कारोबारियों से प्रतिदिन प्रति ट्रैक्टर तीन हजार रुपये तक की अवैध वसूली किए जाने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। आरोप है कि इस वसूली से होने वाली काली कमाई थाना के अधिकारियों तक भी पहुंचती थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को 12 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि यह राशि अवैध बालू उठाव और परिवहन को सुविधा देने के एवज में ली जा रही थी। चालक की गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग के अधिकारी थाना प्रभारी से पूछताछ और मामले की जांच कर रहे थे। इसी दौरान थाना प्रभारी के मौके से फरार होने की चर्चा सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि न्यूज़ 4नेशन नहीं करता है।
फिलहाल सरकारी चालक की गिरफ्तारी के बाद झाझा थाना क्षेत्र सहित पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सुमित की रिपोर्ट