Bihar Crime : जमुई में टेलीग्राम पर ‘साइबर जिहाद’ ग्रुप से जुड़े दो नाबालिग पकड़े गए, विदेशी हैंडलर के संपर्क में होने का आरोप

Bihar Crime : जमुई जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि टेलीग्राम पर ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नामक एक संदेहास्पद ग्रुप से दो नाबालिग सगे भाई जुड़े हुए हैं। इस सूचना पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया......पढ़िए आगे

नाबालिग गिरफ्तार - फोटो : SUMIT

JAMUI : जमुई पुलिस के सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिला सूचना इकाई को सूचना मिली थी कि टेलीग्राम ऐप पर ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नाम के एक ग्रुप से दो नाबालिग भाई जुड़े हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद शुक्रवार सुबह आदर्श थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों के मोबाइल फोन में टेलीग्राम ऐप और रोबलॉक्स गेम मिला है। टेलीग्राम में ‘साइबर जिहाद मूवमेंट’ नाम का ग्रुप मिला, जिसमें अरबी भाषा में आपत्तिजनक सामग्री और संदिग्ध चैट होने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन के स्क्रीनशॉट को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

रोबॉक्स गेम से हुआ था संपर्क

पूछताछ में नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान रोबॉक्स गेम खेलने के दौरान एक विदेशी व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि वह व्यक्ति गेम के माध्यम से उन्हें टास्क देता था और टेलीग्राम ग्रुप में सरकारी वेबसाइटों के लिंक भेजकर उसे हैक करने की बात कहता था। पुलिस के अनुसार, ग्रुप में सेना और पुलिस पर हमले को लेकर भी बातें की जाती थीं। पुलिस ने इस मामले में आदर्श थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों नाबालिगों के मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस ग्रुप से और कितने लोग जुड़े हैं और विदेशी हैंडलर कौन है।

पहचान का खुलासा नहीं

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चूंकि दोनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उनकी पहचान उजागर नहीं की जा रही है और मामले की जांच किशोर न्याय अधिनियम के तहत की जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के मोबाइल, गेमिंग ऐप और सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी संदिग्ध ग्रुप, लिंक या अनजान व्यक्ति के संपर्क में आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सुमित की रिपोर्ट