बराबर पहाड़ पर आस्था का सैलाब: सावन के अंतिम सोमवार को 1.25 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक,DM और SP ने आधी रात से की मॉनिटरिंग

जहानाबाद के बराबर धाम में सावन के अंतिम सोमवार को उमड़ा जनसैलाब। DM छिरिङ वाई भूटिया और SP कोटा किरण ने खुद आधी रात को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हर-हर महादेव" के जयकारों से गूंजा बराबर धाम, चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच सुगम जलार्पण- फोटो : Reporter

पवित्र सावन महीने के अंतिम सोमवार (24 अगस्त, 2026) को जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक बराबर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में 1.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। भोर होते ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने सुगम तरीके से भोलेनाथ का पूजन और जलार्पण किया। पूरे पहाड़ी क्षेत्र में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

प्रशासन की मुस्तैदी, आधी रात से मॉनिटरिंग 

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, कतार प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और साफ-सफाई के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जहानाबाद की जिला पदाधिकारी (DM) छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक (SP) कोटा किरण ने स्वयं आधी रात को मेला और मंदिर परिसर का जायजा लिया। शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति से पूरी व्यवस्था मुस्तैद रही, जिससे श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन प्राप्त हुए।

सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण 

भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन, कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को परखा। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती का सत्यापन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, रोशनी, शौचालय, चिकित्सा शिविर, पार्किंग और ट्रैफिक रूट प्रबंधन की जमीनी स्तर पर समीक्षा की गई, ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न हो।

प्रशासनिक अलर्ट और सफल आयोजन

जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता और अलर्ट मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए। संपूर्ण मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर निरंतर निगरानी रखी गई। प्रशासन की इस चाक-चौबंद व्यवस्था और प्रभावी भीड़ प्रबंधन के कारण लाखों श्रद्धालुओं का दर्शन-जलाभिषेक शांतिपूर्ण और सुगमता के साथ संपन्न हुआ।

ऋषिकेश की रिपोर्ट