Road Accident: जहानाबाद में हादसे ने छीनी खुशियां, ससुराल जा रहे दामाद की सड़क हादसे में मौत
Road Accident: जहानाबाद-अरवल NH-33 पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच जारी है।
Road Accident: जहानाबाद-अरवल नेशनल हाईवे-33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सरैया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। मृतक की पहचान पारसबीघा थाना क्षेत्र के पंडौल बेलदारी विगहा निवासी मंटू बिंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंटू बिंद अपने घर से बाइक लेकर अपने ससुराल जा रहा था, जो पटना जिले के श्री मोड़ थाना क्षेत्र के जरखा गांव में स्थित है। इसी दौरान सरैया गांव के पास यह हादसा हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर किंजर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में पुलिस के बीच यह स्पष्ट नहीं था कि घटना किस थाना क्षेत्र में आती है, जिसके चलते कुछ देर तक सीमा विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में पारसबीघा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जहानाबाद सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही डंपर को जब्त करने और चालक की तलाश की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-33 पर अक्सर तेज रफ्तार भारी वाहनों की वजह से हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस सड़क पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक नियमों के पालन की मांग की है ताकि आगे ऐसे हादसे रोके जा सकें।