जहानाबाद: बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में 'हर-हर महादेव' की गूंज, DM-SP ने खुद संभाली कमान
श्रावण की तीसरी सोमवारी पर जहानाबाद के ऐतिहासिक बराबर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए DM छिरिङ वाई भूटिया और SP कोटा किरण कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा
श्रावण माह की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर जहानाबाद जिले के ऐतिहासिक बराबर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा पहाड़ी क्षेत्र "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयकारों से गुंजायमान रहा।
DM और SP ने संभाली कमान
श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। भक्तों को सुगम और सुरक्षित दर्शन-पूजन कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक (SP) कोटा किरण कुमार ने स्वयं बराबर पहाड़ पहुंचकर बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भीड़ नियंत्रण के लिए 'ड्रॉप गेट' व्यवस्था
स्थल निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा तंत्र की गहन समीक्षा की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए श्रद्धालुओं को केवल लाइन में प्रवेश कराने तथा हथियाबोर की ओर दबाव बढ़ने पर 'ड्रॉप गेट' का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य, पेयजल और सफाई के पुख्ता इंतजाम
प्रशासनिक टीम ने परिसर में स्थित मेडिकल कैंपों का निरीक्षण कर पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही PHED विभाग को लगातार स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बनाए रखने तथा स्वच्छता कर्मियों को परिसर में निरंतर सफाई और समय पर कचरा उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कंट्रोल रूम के जरिए लगातार लाउडस्पीकर से दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं।
शांतिपूर्ण दर्शन के लिए प्रशासन की अपील
पूजा-अर्चना को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने भक्तों से धैर्य बनाए रखने, कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करने, परिसर में गंदगी न फैलाने और ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और एसपी के साथ उप विकास आयुक्त (DDC) आदित्य कुमार पियूष, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), और डीपीओ नमामि गंगे सहित जिला प्रशासन के कई अन्य वरीय अधिकारी और पुलिस बल के जवान तैनात रहे।
ऋषिकेश की रिपोर्ट