जहानाबाद में Vigilance का बड़ा एक्शन: 5 हजार घूस लेते मखदुमपुर का सरकारी अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार!
जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड में पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी अमीन अनिल कुमार को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पीड़ित विमलेश कुमार से जमीन सीमांकन (नापी) के नाम पर घूस मांगी गई थी।
बिहार के जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने एक सरकारी अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अमीन अनिल कुमार को जमीन के सीमांकन (नापी) के एवज में ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई से प्रखंड मुख्यालय और अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
5 महीने से काम अटकाकर मांगी जा रही थी घूस
यह पूरा मामला गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार की जमीन से जुड़ा है, जिनकी जमीन मखदुमपुर प्रखंड के ओवा गांव में स्थित है। विमलेश अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए पिछले पांच महीनों से लगातार सरकारी अमीन अनिल कुमार के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि अमीन हर बार उनका काम टाल देता था और आखिरकार काम पूरा करने के बदले ₹5,000 की रिश्वत की डिमांड की थी।
पीड़ित की शिकायत पर निगरानी ने बिछाया जाल
अमीन द्वारा रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर विमलेश कुमार ने इसकी लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से कर दी। विभाग ने गुप्त रूप से शिकायत का सत्यापन कराया और मामला सही पाए जाने पर तुरंत जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही मखदुमपुर में पीड़ित विमलेश ने अमीन अनिल कुमार को केमिकल लगे ₹5,000 के नोट थमाए, पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया।
रंगे हाथ गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू
निगरानी की टीम ने आरोपी अमीन के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए निगरानी विभाग के डीएसपी श्रीराम चौधरी ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद यह पूरी ट्रैप कार्रवाई की गई थी, जिसमें अमीन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। विभाग अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।