Jehanabad Observation Home Attack: बाल सुधार गृह में नाबालिग आरोपियों को जमा कराने गई पुलिस टीम पर कैदियों का हमला, SI दीपक कुमार समेत 3 घायल

जहानाबाद के बाल सुधार गृह में नाबालिग आरोपियों को सौंपने गई पुलिस टीम पर कैदियों ने किया हमला। दरोगा दीपक कुमार समेत 3 लोग घायल, सदर अस्पताल में भर्ती।

जहानाबाद बाल सुधार गृह में पुलिस टीम पर हमला दरोगा घायल- फोटो : news 4 nation

जहानाबाद स्थित बाल सुधार गृह में चोरी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को दाखिल कराने पहुंची पुलिस टीम पर वहां मौजूद कैदियों ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना से सुधार गृह परिसर में अफरातफरी मच गई और पुलिसकर्मियों व अन्य लोगों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।


शकूराबाद के दो नाबालिग आरोपियों को लेकर पहुंची थी टीम


जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम शकूराबाद थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किए गए दो नाबालिग आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह में जमा कराने के लिए पहुंची थी। इसी दौरान सुधार गृह के भीतर यह अप्रत्याशित घटना सामने आई।


30 से 35 बाल कैदियों ने किया हमला और मारपीट


दरोगा दीपक कुमार के मुताबिक, जैसे ही दोनों आरोपियों को सुधार गृह के अंदर ले जाया गया, वहां पहले से मौजूद करीब 30 से 35 बाल कैदियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया और मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।


दरोगा समेत तीन घायल, सदर अस्पताल में भर्ती


इस झड़प में सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार और दो कैदी समेत कुल तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।