Bihar News:जहानाबाद में SP के साथ कॉफी पर होगी चर्चा, 22 से 31 अक्टूबर तक चलेगा Let's Connect With Your SP अभियान

Bihar News: पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, संवाद को मजबूत बनाने और पुलिस के प्रति जनविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जहानाबाद पुलिस ने एक विशेष पहल की शुरुआत की है।

जहानाबाद में SP के साथ कॉफी पर होगी चर्चा- फोटो : reporter

Bihar News: पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने, संवाद को मजबूत बनाने और पुलिस के प्रति जनविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जहानाबाद पुलिस ने एक विशेष पहल की शुरुआत की है। इसके तहत ‘Let's Connect With Your SP’ अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक  एवं आईपीएस अधिकारी कोटा किरण कुमार विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे। इस दौरान कॉफी पर बातचीत के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, यह संवाद अभियान 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। प्रत्येक निर्धारित दिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक ग्राम प्लेक्स, समाहरणालय परिसर, जहानाबाद में कार्यक्रम होगा। इस पहल का मकसद केवल शिकायतें सुनना ही नहीं, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी समझ, सहयोग तथा भरोसे को भी मजबूत करना है।

‘हर कदम, हर किसी के साथ’ अभियान का उद्देश्य

बिहार पुलिस के स्लोगन ‘जन विश्वास, संकल्प हमारा’ और ‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें, जहानाबाद को सुरक्षित बनाएं’ के तहत पुलिस दिवस 21 अक्टूबर से झंडा दिवस 31 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में ‘Connect With Police — हर कदम, हर किसी के साथ’ अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के जरिए एसपी अलग-अलग पेशों और सामाजिक वर्गों से जुड़े लोगों के साथ बैठकर उनके अनुभव, समस्याएं और अपेक्षाएं जानेंगे। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिक बिना किसी झिझक के अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचा सकें और पुलिस व्यवस्था को अधिक जनोन्मुख बनाया जा सके।

किस दिन किस वर्ग से करेंगे संवाद?

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक मीडिया और पत्रकारों से बातचीत करेंगे। 23 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा। इसके बाद 28 अक्टूबर को डॉक्टरों, बैंक अधिकारियों और अन्य अधिकारियों से मुलाकात निर्धारित है।वहीं, 30 अक्टूबर को व्यापारी संघ, टेंपो, बस और ट्रक संघ से जुड़े लोगों के साथ चर्चा की जाएगी। अभियान के अंतिम दिन 31 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद होगा। इन बैठकों में संबंधित वर्गों की समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और पुलिस से जुड़ी अपेक्षाओं पर चर्चा की जाएगी।

एसपी ने लोगों से की भागीदारी की अपील

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने संबंधित वर्गों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस पहल के माध्यम से पुलिस प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सीधा रास्ता तैयार करने की कोशिश की जा रही है।अब देखना होगा कि कॉफी पर बातचीत की यह पहल जहानाबाद में पुलिस और आम लोगों के बीच दूरी कम करने, शिकायतों के समाधान तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने में किस तरह सहायक साबित होती है।

रिपोर्ट- विक्रमादित्य कुमार