जहानाबाद-अरवल सीमा पर नवनिर्मित झुनाठी थाना का हुआ शुभारंभ, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

जहानाबाद-अरवल सीमा पर स्थित नवनिर्मित झुनाठी थाना का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नए थाने के क्रियाशील होने से सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की गश्त और प्रशासनिक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी....

नवनिर्मित झुनाठी थाना का हुआ शुभारंभ- फोटो : रंजीत कुमार

Jehanabad : जिले की जहानाबाद-अरवल सीमा पर स्थित नवनिर्मित झुनाठी थाना का रविवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में नए थाना भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस नए थाने के क्रियाशील होने से सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की गश्त और प्रशासनिक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।


वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न हुआ समारोह 

उद्घाटन समारोह के अवसर पर जिला पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (सदर), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) तथा पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों ने नए थाने की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।


अब घर के पास ही त्वरित सुलभ होंगी पुलिस सेवाएं 

झुनाठी थाना का संचालन शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र के निवासियों को बहुत बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब स्थानीय ग्रामीणों को अपनी फरियाद, समस्याओं एवं शिकायतों के निवारण के लिए दूर-दराज के थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही त्वरित, सुलभ और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे क्षेत्र में कानून का राज और सुदृढ़ होगा।


एसपी ने स्कूली बच्चों को पेन और चॉकलेट भेंट कर बढ़ाया उत्साह 

समारोह के दौरान पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा भी देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चों से पुलिस अधीक्षक ने संवाद किया और उन्हें पेन एवं चॉकलेट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस कप्तान से मिले इस उपहार और स्नेह से बच्चे बेहद प्रसन्न नजर आए, जिसकी स्थानीय अभिभावकों ने सराहना की।


पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, थाना परिसर में किया गया पौधारोपण 

उद्घाटन कार्यक्रम को स्मरणीय बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से थाना परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मिलकर परिसर में पौधे रोपे। अधिकारियों ने आमजनों से भी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।


रंजीत की रिपोर्ट