Patna NEET Death Case: पटना NEET छात्रा मौत कांड में बड़ा मोड़, जहानाबाद पहुंची CBI की टीम, बंद कमरे में परिजनों से पूछताछ
Patna NEET Death Case: पटना के गर्ल्स हॉस्टल में हुई होनहार NEET छात्रा की संदिग्ध मौत ने अब संगीन आपराधिक जांच का रूप ले लिया है।....
Patna NEET Death Case: पटना के गर्ल्स हॉस्टल में हुई होनहार NEET छात्रा की संदिग्ध मौत ने अब संगीन आपराधिक जांच का रूप ले लिया है। केस की कमान संभालते ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ) ने जांच का दायरा तेज कर दिया। रविवार को एजेंसी की विशेष टीम जहानाबाद के पतियावां गांव पहुंची और वहां पहुंचते ही मीडिया की एंट्री पर सख्त रोक लगा दी। इसके बाद परिजनों से बंद कमरे में लंबी पूछताछ की गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूत्रों के मुताबिक, CBI ने जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए कैमरों और लाइव कवरेज पर पाबंदी लगाई। अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और किसी भी तरह की सूचना लीक होने से सबूत प्रभावित हो सकते हैं। एजेंसी हर एंगल से तफ्तीश कर रही है, ताकि मौत के पीछे छिपे राज़ को बेनकाब किया जा सके।
जांच टीम तीन अहम पहलुओं पर फोकस कर रही है पहला क्या छात्रा किसी मानसिक दबाव, तनाव या पुराने विवाद से गुजर रही थी? दूसरा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने के दौरान उसने घर पर क्या जानकारी साझा की थी? तीसरा क्या मौत के पीछे कोई बाहरी दबाव, धमकी या सुनियोजित साजिश थी?
हॉस्टल की छत पर मिली शराब की बोतलों और अन्य संदिग्ध हालात ने पहले ही कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस की शुरुआती जांच पर उठे सवालों के बाद अब मामला पूरी तरह हाई-प्रोफाइल जांच के दायरे में है। CBI परिजनों के बयानों, छात्रा के कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया गतिविधियों और मेडिकल रिपोर्ट्स की कड़ियां जोड़ रही है।
गांव में एजेंसी की मौजूदगी ने माहौल को और गंभीर बना दिया है। लोग फुसफुसाहट में पूछ रहे हैं क्या यह महज़ हादसा था या किसी बड़ी साजिश की पटकथा? फिलहाल CBI चुप्पी साधे है, लेकिन संकेत साफ हैं कि आने वाले दिनों में इस केस में बड़े खुलासे हो सकते हैं। इंसाफ की राह लंबी है, मगर अब हर नजर इस बात पर टिकी है कि सच कब और कैसे सामने आएगा।