Bihar Crime : जहानाबाद में स्मैक तस्करों ने पीट-पीटकर की टाइगर मोबाइल जवान की हत्या, पांच संदिग्ध हुए गिरफ्तार

Bihar Crime : जहानाबाद में स्मैक तस्करी और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने वाले एक पुलिसकर्मी की निर्मम हत्या कर दी गई है। पुलिस ने 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

टाइगर मोबाइल जवान की हत्या - फोटो : VIKRAMADITYA

JEHANABAD : जिले में स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नगर थाना में पदस्थापित टाइगर मोबाइल के लापता जवान धनेश्वर कुमार का शव शनिवार की सुबह काको थाना क्षेत्र के नदियांवा गांव के समीप दरधा नदी से बरामद किया गया. जवान मूल रूप से आरा जिले के रहने वाले थे.  घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. 

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे स्मैक तस्करी और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बताया कि टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर कुमार दो दिन पूर्व एसएस कॉलेज के समीप ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान परसों रात बेलागंज इलाके से एक तस्कर जहानाबाद में स्मैक बेचने आया था. टाइगर मोबाइल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्मैक के अवैध लेन-देन को पकड़ लिया और तस्कर को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. 

बताया जाता है कि मामले के सत्यापन और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाने के लिए जवान कुछ समय तक उसी इलाके में रुके हुए थे.आरोप है कि स्मैक के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से जवान को घेर लिया. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और पीट-पीटकर कर हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को दरधा नदी में फेंक दिया गया. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने जवान का हथियार और मोबाइल भी बरामद कर लिया है.जवान का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई. 

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और एसपी कोटा किरण कुमार समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए जांच-पड़ताल की.एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच  संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है  साथ ही स्मैक और सूखे नशे के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.  इस धंधे में संलिप्त लोगों का डेटाबेस तैयार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इधर, जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है. 

विक्रमादित्य की रिपोर्ट