Bihar News : कैमूर में बड़ा हादसा ! खाना बनाने के दौरान गर्भवती महिला पर गिरा छत का छज्जा, मलबे में दबकर मां और अजन्मे बच्चे की हुई दर्दनाक मौत

Bihar News : कैमूर में छत का छज्जा गिरने से गर्भवती महिला की मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.......पढ़िए आगे

महिला की मौत - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवढ़ी गांव में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां घर में खाना बनाने के दौरान छत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके मलबे में दबकर एक 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान केवढ़ी गांव निवासी नंदू कुमार पाल की पत्नी रंजू कुमारी के रूप में की गई है। इस अचानक हुए हादसे के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

8 माह की गर्भवती थी रंजू, इसी महीने होनी थी डिलीवरी

भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे मृतिका के पति नंदू कुमार पाल ने रोते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:00 बजे उनकी पत्नी रंजू देवी घर के भीतर खाना बना रही थी। इसी दौरान घर का पुराना सेलिंग (छज्जा), जो ईंट और सीमेंट से बना था, अचानक टूटकर उसके ऊपर गिर गया। नंदू ने बताया कि उसकी पत्नी 8 महीने की गर्भवती थी और इसी महीने उसकी डिलीवरी होनी थी। इस भयावह हादसे में रंजू के साथ-साथ उसके पेट में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई। मृतिका अपने पीछे एक दो साल का मासूम बेटा छोड़ गई है।

धमाके की आवाज सुन दौड़े ग्रामीण, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना के वक्त जैसे ही छज्जा गिरने की जोरदार आवाज हुई, आस-पास के स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाकर महिला को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही वहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। दो जिंदगियों की एक साथ मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा

हादसे की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद कुदरा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने मृतिका के शव का पंचनामा (इन्क्वेस्ट रिपोर्ट) तैयार करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का तकनीकी आकलन किया जा रहा है।

राजद नेता वीरेंद्र कुशवाहा ने की उचित मुआवजे की मांग

इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय जनता दल के नेता वीरेंद्र कुशवाहा भी भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। राजद नेता ने जिला प्रशासन और कैमूर जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और कमाऊ सदस्य की स्थिति दयनीय है। उन्होंने मांग की कि आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल उचित और पर्याप्त सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

देवब्रत की रिपोर्ट