Bihar News : कैमूर में भीषण सड़क हादसा, मुंडेश्वरी धाम से लौट रहे छात्र को डंपर ने कुचला, मौके पर हुई मौत, दोस्त गंभीर रूप से हुआ जख्मी
Bihar News : कैमूर में मुंडेश्वरी धाम से लौट रहे छात्र को डंपर ने कुचल दिया. जिससे मौके पर उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है........पढ़िए आगे
KAIMUR : आस्था का सफर उस समय मातम में बदल गया जब मां मुंडेश्वरी धाम से दर्शन कर लौट रहे दो बाइक सवार युवक भीषण हादसे का शिकार हो गए। सोमवार को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर दैतरा बाबा के समीप हुई इस हृदयविदारक घटना में 12वीं कक्षा के एक छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी जीवन और मौत के बीच जूझ रहा है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, बखार बांध गांव के चार दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर मुंडेश्वरी धाम गए थे। वापसी के दौरान बसंतपुर के पास उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही एक लूना से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर गिरे युवकों को कुचल दिया। इस भयावह मंजर को देख पीछे आ रहे उनके साथी और स्थानीय लोग सन्न रह गए।
इस हादसे में बखार बांध निवासी गौतम सिंह खत्री (20 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गौतम जैतपुर प्लस टू हाई स्कूल का छात्र था और इस वर्ष इंटर की पढ़ाई कर रहा था। वहीं, उसका साथी कमलेश जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से दोनों को तुरंत भभुआ सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। कमलेश की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
गौतम की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पहुँची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चार भाइयों में सबसे छोटा होने के कारण गौतम पूरे परिवार का लाडला था। उसके घर में चीख-पुकार मची है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस होनहार युवक की असमय मृत्यु से गहरे शोक में हैं। खुशियों के साथ दर्शन करने गए युवाओं की टोली में मातम पसर गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार वाहनों की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार डंपरों के कहर और सड़क सुरक्षा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देवब्रत की रिपोर्ट