कैमूर में मेडिकल जांच के दौरान बाल सुधार गृह के वाहन पर हमला: अधीक्षक और सिपाही से मारपीट, बाल कैदियों को भगाने की साजिश का आरोप

कैमूर में मेडिकल जांच के दौरान बाल सुधार गृह के वाहन पर हमला- फोटो : देवव्रत

Kaimoor :  जिले के भभुआ सदर अस्पताल में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाल सुधार गृह से मेडिकल जांच के लिए लाए गए बाल कैदियों के वाहन पर कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने हमला बोल दिया। इस दौरान वाहन के शीशे को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया तथा सुरक्षा में तैनात सिपाही और बाल सुधार गृह के अधीक्षक के साथ मारपीट की गई। इस घटना में कुछ बाल कैदियों और एक सिपाही को हल्की चोटें भी आई हैं।


वाहन बैक करने के दौरान हुए मामूली विवाद ने लिया बड़ा रूप

मिली जानकारी के अनुसार, बाल सुधार गृह के अधीक्षक अजय कुमार कोर्ट के निर्देश पर बाल कैदियों को मेडिकल जांच के लिए अपने वाहन से भभुआ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल परिसर के मुख्य गेट के पास गाड़ी खड़ी थी, तभी वार्ड संख्या 14 की एक महिला अपनी बच्ची का इलाज कराने वहां पहुंची। वाहन को बैक करने के दौरान महिला से हल्का संपर्क होने पर वह आक्रोशित हो गई और गाली-गलौज करने लगी, जिसके बाद विवाद काफी बढ़ गया।


अधीक्षक का आरोप—कैदियों को भगाने की नीयत से आए थे बदमाश

बाल सुधार गृह के अधीक्षक अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान अचानक बाइक से तीन लोग पहुंचे और उन्होंने वाहन के शीशे तोड़ने के साथ-साथ वहां मौजूद सिपाही पर हमला कर दिया। उनका यह भी कहना है कि यह हमला बाल कैदियों को जबरन भगाने की नीयत से किया गया था। इस हंगामे के दौरान जब कुछ पत्रकारों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उनके साथ भी नोंक-झोंक की।


अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स और स्थानीय लोगों ने किया बीच-बचाव

अस्पताल परिसर में अचानक हुए इस बवाल के दौरान सदर अस्पताल के सुरक्षा गार्ड्स और वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हड़कंप मच गया।


भभुआ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, मामले की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, इस विवाद और मारपीट में शामिल लोग भभुआ वार्ड संख्या 14 के रहने वाले हैं। पुलिस वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन छानबीन कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


देवव्रत की रिपोर्ट