Bihar News : रिश्ता शर्मसार ! छोटे भाई के साथ मारपीट करना पड़ा महंगा, बड़े भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bihar News : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मामादेव गांव में दो भाइयों के बीच हुए आपसी विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया......पढ़िए आगे
KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मामादेव गांव में दो सगे भाइयों के बीच हुए आपसी विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मामादेव गांव निवासी लल्लन ठाकुर के पुत्र सोनू कुमार ठाकुर के रूप में की गई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच कराई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद बीते 4 जुलाई को शुरू हुआ था। आरोपी सोनू कुमार ठाकुर के छोटे भाई ने किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद मोहनिया थाने में लिखित आवेदन दिया था। पीड़ित का आरोप था कि उसके बड़े भाई ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, मोहनिया में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
छोटे भाई के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए मोहनिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाई और मामले में दो लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। केस दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी। इसी कड़ी में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू कुमार ठाकुर को उसके ठिकाने से दबोच लिया।
इस पूरे मामले के संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने सोमवार दोपहर जानकारी देते हुए बताया कि आपसी मारपीट के मामले में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार आरोपी की पहले मेडिकल जांच कराई गई और फिर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले के अन्य पहलुओं की जांच और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
देवब्रत की रिपोर्ट