धान के खेत से बरामद हुआ अज्ञात युवक का शव, इलाके मे सनसनी

धान के खेत से बरामद हुआ अज्ञात युवक का शव- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर गांव के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने धान के खेत में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा। बिशनपुर गांव के पूर्व दिशा में स्थित स्टील आम के बगीचे के समीप खेत में शव पड़े होने की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।


मौके पर पहुँची पुलिसशव को कब्जे में लेकर भेजा अस्पताल 

घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया के प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में रामगढ़ थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्यों को इकट्ठा किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।


युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस 

शव मिलने के बाद सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान की है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर युवक की शिनाख्त करने में जुटी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है या फिर मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।


मामला संदिग्धकई बिंदुओं पर हो रही है गहन तफ्तीश 

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच विभिन्न आपराधिक व संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। युवक खेत तक कैसे पहुँचा, उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा इस घटना के पीछे किसी तरह की आपराधिक रंजिश है या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को आधार बना रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह: प्रभारी डीएसपी 

मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया के प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि धान के खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

देवव्रत की रिपोर्ट