UPSC Result : कैमूर में BPRO तृप्ति दुबे ने यूपीएससी परीक्षा में 710 वां रैंक किया हासिल, परिजनों में दौड़ी ख़ुशी की लहर

UPSC Result : कैमूर में BPRO के पद पर पदस्थापित तृप्ति दुबे ने UPSC परीक्षा में सफलता हासिल की है. इससे कैमूर के साथ उनके गृह जिले रोहतास में भी ख़ुशी की लहर दौड़ गयी है......पढ़िए आगे

तृप्ति दुबे बनी आईएएस - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में रोहतास की बेटी और कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड में पदस्थापित बीपीआरओ तृप्ति दुबे ने 710 वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से रोहतास और कैमूर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है। मूल रूप से रोहतास जिले के बिक्रमगंज कोआथ गांव की रहने वाली तृप्ति दुबे वर्तमान में कैमूर के मोहनिया प्रखंड में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी यानी बीपीआरओ के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 710 वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

तृप्ति दुबे ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोआथ स्थित जगनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय से मैट्रिक तक पूरी की। इसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई बिक्रमगंज के डॉ. नागेंद्र महिला कॉलेज से की। आगे की पढ़ाई उन्होंने वाराणसी स्थित बीएचयू से की।

इससे पहले वह 68 वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर पंचायती राज पदाधिकारी के रूप में चयनित हुईं और फिलहाल मोहनिया प्रखंड में पदस्थापित हैं। तृप्ति दुबे ने बताया कि यह उनका यूपीएससी का दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता रमेश कुमार दुबे, माता श्रुति देवी और ईश्वर को दिया है। साथ ही युवाओं से अपील की है कि अगर पूरी लगन और फोकस के साथ पढ़ाई की जाए तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

देवब्रत की रिपोर्ट