कैमूर को सीएम सम्राट की बड़ी सौगात : 196 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास, कहा-बनेगा नया पर्यटन हब

सीएम का पदभार संभालने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे सम्राट चौधरी ने जिले को 196 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने माता मुंडेश्वरी धाम में पूजा-अर्चना कर सूबे की तरक्की की मन्नत मांगी..

कैमूर जिले को सीएम ने दिए 196 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं की सौगात - फोटो : देवव्रत

Munger : बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे सम्राट चौधरी ने जिले को 196 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी है। अपने इस एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 20 नई योजनाओं का शिलान्यास और 40 तैयार योजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया। कैमूर की धरती पर कदम रखते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले सुप्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख, समृद्धि और चौमुखी विकास की मन्नत मांगी।


मुंडेश्वरी-ताराचंडी समेत कई धाम बनेंगे पर्यटन हब, श्रद्धालुओं के लिए शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैमूर और रोहतास के विकास के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कैमूर पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल मुंडेश्वरी धाम, ताराचंडी, तुतला भवानी और गुप्ता धाम को एक साथ जोड़कर भव्य पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की जाएगी। क्षेत्र में पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए रोहतास-कैमूर क्षेत्र में एक नए हवाई अड्डे (एयरपोर्ट) का निर्माण भी कराया जाएगा।


बिहार में खुलेगी BHU की शाखा, हर प्रखंड में बनेगा डिग्री कॉलेज

शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा की कि बिहार में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) की एक विशेष शाखा खोली जाएगी। इसके अतिरिक्त, बिहार के हर जिले में एक अत्याधुनिक मॉडल स्कूल और प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी। सीएम ने कहा कि अब अधिकारियों और नेताओं के बच्चे भी इन मॉडल स्कूलों में पढ़ेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहले बिहार के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए मजबूरन दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय शिक्षा मिलेगी।


बरसात के बाद शुरू होगा मुंडेश्वरी रोपवे का काम, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

धार्मिक पर्यटन को सुगम बनाने की दिशा में बात करते हुए मुख्यमंत्री ने मुंडेश्वरी धाम में बहुप्रतीक्षित रोपवे परियोजना पर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि आगामी बरसात का मौसम खत्म होते ही रोपवे निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। इस रोपवे के बन जाने से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को माता मुंडेश्वरी के दर्शन करने के लिए पहाड़ी पर चढ़ने में बेहद सहूलियत होगी। इससे पहले सीएम ने मुंडेश्वरी धर्मशाला के समीप आयोजित प्रशासनिक 'सहयोग शिविर' का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।


25 लाख बीपीएल महिलाओं के घरों में लगेंगे सोलर पैनल, सरकार खरीदेगी बिजली

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और दूरगामी योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य के 25 लाख गरीब और बीपीएल (BPL) परिवारों की महिलाओं के घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं और इस योजना पर काम शुरू हो चुका है। इन सोलर पैनलों से उत्पादित होने वाली अतिरिक्त बिजली को बिहार सरकार खुद खरीदेगी, जिससे इन महिलाओं को सीधे तौर पर नियमित आमदनी होगी। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान मंच पर उच्च माध्यमिक शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, स्थानीय विधायक और एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष व भारी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

देवव्रत की रिपोर्ट