ठेकेदार पर चाकू से हमला कर 35 हजार की लूट, थाने में दो खिलाफ दर्ज कराया नामजद मामला

ठेकेदार पर चाकू से हमला कर 35 हजार की लूट- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां छिनतई की नीयत से एक मकान निर्माण ठेकेदार पर जानलेवा हमला किया गया। भभुआ थाना क्षेत्र के दतियांव गांव में स्थित मंदिर के पास दो युवकों ने ठेकेदार को घेरकर लाठी-डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में ठेकेदार के शरीर पर चार जगह चाकू के गंभीर घाव लगे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ठेकेदार से 35 हजार रुपये नकद छीनकर मौके से फरार हो गए।


कबार गांव निवासी हैं पीड़ित ठेकेदार, 35 हजार रुपये लेकर निकले थे घर से

घायल ठेकेदार की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के कबार गांव निवासी सिपाही पासवान के पुत्र दिवाकर पासवान के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह मकान निर्माण का ठेका लेते हैं और बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे अपने गांव से 35 हजार रुपये नकद लेकर निकले थे। उन्हें अपने अधीन काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी का भुगतान करना था, लेकिन रास्ते में ही वे अपराधियों का शिकार बन गए।


दतियांव गांव में मंदिर के पास बैठे राहुल और सोनू पासवान पर नामजद आरोप

पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वे दतियांव गांव पहुंचे, वहां पहले से मंदिर के पास बैठे राहुल और सोनू पासवान ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने मारपीट करते हुए चाकू से कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों आरोपी उनके जेब में रखे 35 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


भभुआ थाने में दो आरोपियों के खिलाफ दिया गया नामजद आवेदन

इलाज के बाद पीड़ित दिवाकर पासवान ने भभुआ थाने में पहुंचकर दोनों नामजद आरोपियों राहुल और सोनू पासवान के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दिनदहाड़े हुई इस आपराधिक घटना के बाद दतियांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है तथा स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।


थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के अनुसार मामले की जांच जारी

मामले की जानकारी देते हुए भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि दतियांव गांव में एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल करने और रुपये छीनने की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित की ओर से थाने में नामजद आवेदन दिया गया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


देवव्रत की रिपोर्ट