Bihar News : कैमूर में दुर्गावती नदी के उफान से कई गांवों में घुसा पानी, ग्रामीणों ने किया पलायन, एसडीएम ने लिया स्थिति का जायजा

Bihar News : कैमूर जिले से होकर गुजरने वाली दुर्गावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण शहरी और ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है.......पढ़िए आगे

गाँव में घुसा बाढ़ का पानी - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले से होकर गुजरने वाली दुर्गावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण शहरी और ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदी का पानी तेजी से रिहाइशी क्षेत्रों की ओर फैल रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे खराब स्थिति बेलौड़ी और अमरपुरा गांव की है, जो पूरी तरह से बाढ़ के पानी की चपेट में आ चुके हैं।

पानी का बहाव इतना तेज है कि ग्रामीणों का अपने घरों से बाहर निकलना भी दुश्वार हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कई ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिहाज से अपने-अपने घरों में ताले लगा दिए हैं और सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर गए हैं। स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि जिस रफ्तार से पानी का स्तर बढ़ रहा है, उससे आने वाले समय में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक टीम अलर्ट मोड में आ गई है। एसडीएम रत्न प्रियदर्शनी ने दलबल के साथ प्रभावित बेलौड़ी पंचायत का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि बीती रात ग्रामीणों के घरों में पानी प्रवेश करने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद प्रशासनिक टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कल की तुलना में आज जलस्तर के बढ़ने की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है।

दुर्गावती नदी के पानी के फैलाव के कारण कई किसानों की तैयार फसलें पूरी तरह से जलमग्न हो गई हैं। एसडीएम रत्न प्रियदर्शनी ने कहा कि जलमग्न हुई फसलों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित किसानों की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन पूरे क्षेत्र में राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है।

स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने सभी ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्गावती नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है, इसलिए कोई भी ग्रामीण या बच्चे नदी के करीब न जाएं और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। प्रशासन ने निचले इलाकों के निवासियों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी है।

देवब्रत की रिपोर्ट