कैमूर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद पानी से भरे बहाव में गिरे लोग, एक किशोर समेत तीन की दर्दनाक मौत

कैमूर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना मे एक किशोर समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं घटना में दो लोग गंभीर रुप से घायल हुए है जिनका अस्पताल मे इलाज चल रहा है.....

कैमूर में भीषण सड़क हादसा- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे बहाव में जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


मृतकों की हुई पहचान, बघीनी गांव के रहने वाले थे तीनों युवक

इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बघीनी गांव के रूप में हुई है। मृतकों में विकास कुमार उर्फ विकास चौधरी (पिता स्वर्गीय अवधेश चौधरी), बिट्टू कुमार (लगभग 18 वर्ष, पिता रामाशंकर चौधरी) और दिलखुश राय (लगभग 16 वर्ष, पिता जैनुद्दीन राय) शामिल हैं। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है।


ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, शवों को भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए

मृतक विकास कुमार के चाचा अरुण चौधरी ने बताया कि ये युवक किसी आवश्यक कार्य से अपने गांव से मोहनिया की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद पानी में लोगों को पड़े देख वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मोहनिया थाना की पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया, जबकि घायलों को मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।


अस्पताल में उमड़ी भीड़, परिजनों ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग

अस्पताल पहुंचने पर मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अपनों की अकाल मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मची हुई है। इस अचानक आए संकट से प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजे की मांग की है ताकि पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।


एसडीपीओ दयानंद कुमार का बयान, पुलिस कर रही है मामले की जांच

मोहनिया के प्रभारी एसडीपीओ दयानंद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो बाइकों के बीच हुई इस जोरदार टक्कर में तीन युवकों की जान गई है और दो घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस दुर्घटना में शामिल दोनों बाइकों, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


देवव्रत की रिपोर्ट