Bihar News : कैमूर का चर्चित रामगढ़ सूटकेस हत्याकांड, सगे भाई ने ही दोस्तों संग मिलकर की थी पूरे परिवार की बेरहमी से हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Bihar News : कैमूर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली खौफनाक वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के ही सगे छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।

भाई निकला हत्यारा - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के चर्चित रामगढ़ सूटकेस हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस खौफनाक वारदात में मृतक के ही छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे परिवार की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें सूटकेस और बोरे में भरकर अलग-अलग जगह फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में मुख्य आरोपी विकास गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

दुर्गावती पुल के नीचे मिले थे कटे हुए मानव अंग

10 मई 2026 को मोहनिया-रामगढ़ मार्ग स्थित दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो सूटकेस से मानव शरीर के कटे हुए अंग बरामद हुए थे। शव की हालत इतनी भयावह थी कि पुलिस को शुरुआती जांच में लगा कि तीन से चार लोगों की हत्या की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम को बुलाया गया और जांच शुरू हुई। इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 126/2026 दर्ज किया गया।

नहर किनारे बोरे में मिले शव के बाकी हिस्से

जांच के दौरान 12 मई को अभयदेव बाजार के पास नहर किनारे दो बोरे में शव के अन्य टुकड़े बरामद हुए। इसके बाद पुलिस को यकीन हो गया कि यह एक बड़े और बेहद क्रूर हत्याकांड का मामला है। एसडीपीओ मोहनिया दिलीप कुमार के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास के गांवों, स्कूलों और लापता लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की।

तकनीकी जांच में खुला पूरा राज

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि डरहक गांव निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता, उनकी पत्नी दुर्गेश कुमारी और उनके दो बच्चे कई दिनों से गायब हैं। इसके बाद पुलिस का शक कृष्ण मुरारी के भाई विकास गुप्ता पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर विकास गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त दीपक कुमार राजपूत, छोटे भाई राहुल उर्फ गौतम और अन्य साथियों के साथ मिलकर चारों की हत्या की थी। हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और उन्हें सूटकेस व बोरे में भरकर स्कूटी से अलग-अलग जगहों पर फेंका गया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार और स्कूटी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो मृतकों के सिर बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी के घर से एक देशी कट्टा, तीन कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू, स्कूटी और लोहे का फाइटर भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उस जगह की भी पहचान कर ली है जहां हत्या की गई थी। मौके से खून के निशान भी मिले हैं।

बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस जघन्य वारदात के खुलासे के बाद पूरे कैमूर जिले में दहशत और सनसनी का माहौल है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।