कैमूर हादसा: नशेड़ी ट्रैक्टर चालक ने ट्यूशन से लौट रही बच्ची को कुचला, हालत गंभीर, बनारस रेफर

कैमूर जिले के भभुआ में नगर परिषद के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने ट्यूशन से लौट रही मासूम बच्ची को कुचल दिया। शराब के नशे में धुत चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बनारस रेफर किया गया है।प्रशासन ने कार्रवाई और मदद

भभुआ नगर परिषद ट्रैक्टर हादसा बच्ची को कुचला- फोटो : Reporter

कैमूर जिले के भभुआ शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ नगर परिषद के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही एक मासूम बच्ची को बुरी तरह कुचल दिया। घटना भभुआ के वार्ड नंबर 9 की है। पीड़ित बच्ची की पहचान वार्ड नंबर 8 की रहने वाली आलिया के रूप में हुई है। हादसे के बाद बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए तुरंत बनारस (वाराणसी) रेफर कर दिया गया है।

शराब के नशे में था चालक, घटना के बाद वाहन छोड़ फरार

स्थानीय लोगों और वार्ड नंबर 9 के पार्षद महताब अंसारी के अनुसार, नगर परिषद का ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में धुत्त होकर गाड़ी को बेहद तेज रफ्तार से चला रहा था। जैसे ही उसने सड़क पर जा रही बच्ची पर ट्रैक्टर चढ़ाया, आसपास मौजूद लोग चिल्लाने लगे। खुद को घिरता देख और भीड़ का हंगामा शुरू होते ही आरोपी चालक अमर ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने तुरंत ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस प्रशासन और नगर परिषद अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में भारी हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर भभुआ के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, साइबर डीएसपी, और बीडीओ दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने उग्र भीड़ को शांत कराया और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों व परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मासूम आलिया के इलाज का पूरा खर्च उठाया जाए और दोषी ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

आरोपी चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई और मदद का आश्वासन

भभुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले आरोपी चालक अमर पर कड़ी कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर परिषद पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और बच्ची के इलाज के लिए हर संभव वित्तीय व प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जाएगी।

कैमूर से देवव्रत की रिपोर्ट